सागर- ड्राइवर को बताया गलत रास्ते का पता,फिर 10 घंटों तक परेशान होते रहे लोग
सागर- ड्राइवर को बताया गलत रास्ते का पता,फिर 10 घंटों तक परेशान होते रहे लोग
सागर जिले के खुरई नगर में ड्राइवर को गलत रास्ता बताने का खामियाजा दर्जनों लोगों को भुगतना पड़ा। दरअसल खुरई के मस्जिद के पास पठारी जाने वाले रोड के मोड पर पाईपों से भरा एक ट्राला फंस गया। जिसमें बार-बार जाम के हालात बने और वाहन चालकों को निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। भारी भरकम ट्राला तकरीबन 10 घंटे तक फंसा रहा जिससे वहां से आने जाने वाले बड़े वाहनों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी और ये सब इसलिए हुआ क्योंकि ट्राला ड्राइवर को एक युवक ने गलत रास्ता बता दिया था जिस वजह से वह फंस गया।
जल जीवन मिशन के पाइपों से भरा हुआ राजस्थान पासिंग ट्राला के ड्राइवर महेंद्र सिंह ने बताया कि वह भोपाल से पाइप भरकर खिमलासा जा रहा था। वह देर रात में जब खुरई पहुंचा तो किसी अज्ञात व्यक्ति से खिमलासा जाने का रास्ता पूछा, तो उसने दूर से इस रास्ते की ओर जाने का बता दिया। जब ट्राले को मोड़ा तो वह निकल नहीं सका और फंस गया। ट्राला फंस जाने से जाम लगाना शुरू हो गया। छोटे वाहन तो ट्राले के बाजू से निकलते रहे लेकिन बड़े वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही थी। इस बात की सूचना मिलते ही खुरई शहरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो हाइड्रा बुलाकर कड़ी मशक्कत से करीब 10 घंटे बाद ट्राले को अलग किया। बताया जा रहा है की ट्राला पठारी रोड से होते बायपास से खिमलासा की और रवाना हुआ। जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका। इस दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिविल अस्पताल, स्कूल समेत पठारी रोड पर आने-जाने वाले लोग परेशान होते रहे।------