STF की बड़ी कार्रवाई, 5 अवैध पिस्टल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, हथियार बनाने वाला फरार
STF की बड़ी कार्रवाई, 5 अवैध पिस्टल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, हथियार बनाने वाला फरार
अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे राज्य स्तरीय विशेष अभियान के तहत एमपी के इंदौर एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ इकाई इंदौर ने खंडवा जिले में सटीक कार्रवाई करते हुए दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध पिस्टल मैगजीन सहित जब्त की गई हैं। इस कार्रवाई से मध्यप्रदेश सहित उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक फैले हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
एसटीएफ को विश्वसनीय मुखबिर से इनपुट मिला था कि अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले कुछ आरोपी खंडवा में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने रणनीति बनाकर खंडवा जिले के थाना पदमनगर क्षेत्र में इंदौर–खंडवा रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान पवन और राजू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल पांच अवैध पिस्टल मैगजीन बरामद की गईं।
एसटीएफ की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपियों ने बताया कि वे हथियारों को स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि ऑर्डर देकर आधुनिक और हाईटेक तरीके से तैयार करवाते थे। इसके बाद इन अवैध पिस्टलों को 20 से 25 हजार रुपये प्रति हथियार की दर से सप्लाई किया जाता था। यह नेटवर्क मध्यप्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक फैला हुआ था, जहां लगातार हथियारों की सप्लाई की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान हथियार तैयार करने वाला एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। एसटीएफ की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।