रील की सनक का शर्मनाक अंजाम, वीडियो बनाकर वायरल किया, पुलिस ने दबोचा; कान पकड़कर मांगी माफी
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत जब मर्यादा और कानून से ऊपर चली जाए, तो उसका अंजाम शर्मिंदगी और गिरफ्तारी बन जाता है। ऐसा ही एक मामला एमपी के नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दो युवकों ने रील बनाने की सनक में सारी सीमाएं लांघ दीं। बस स्टैंड परिसर में मौजूद युवतियों को लेकर आपत्तिजनक भाषा और गलत संदेश देने वाला वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर बस स्टैंड पहुंचे और वहां मौजूद युवतियों को निशाना बनाते हुए अभद्र और भद्दी टिप्पणियां करने लगे। इस पूरी शर्मनाक हरकत को उन्होंने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। जैसे ही वीडियो लोगों की नजर में आया, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिली। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की भाषा और व्यवहार को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। मामला बढ़ता देख वीडियो पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद स्टेशनगंज थाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया।
थाना प्रभारी सौरभ पटेल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और कुछ ही घंटों के भीतर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने यह हरकत केवल मजाक और सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए की थी।
अपनी गलती का एहसास होने पर दोनों आरोपी शर्मिंदा नजर आए। पुलिस के सामने और बाद में सार्वजनिक रूप से दोनों युवकों ने कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह मामला उन युवाओं के लिए सबक है, जो रील और वायरल होने के चक्कर में कानून और सामाजिक मर्यादाओं को भूल जाते हैं।