शादी का सपना दिखाकर लोगों को ठगा, फर्जी मैट्रीमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़
शादी का सपना दिखाकर अविवाहित लोगों को ठगा रहा था। पुलिस ने ऐसे ही फर्जी मैट्रीमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है। जहां शादी के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे थे। पुलिस ने 7 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। मामला एमपी के शिवपुरी जिले का है। अवैध रूप से संचालित हो रहे फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटरों पर फिजीकल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। और शादी के नाम पर नौजवान युवकों से धोखाधड़ी कर ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने दो अलग–अलग स्थानों पर संचालित कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर गिरोह से जुड़े आरोपियों को अभिरक्षा में लिया। साथ ही उपकरण और दस्तावेज भी जप्त किये।
बताया जा रहा है की बीते 23 जनवरी को फिजीकल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी की टी.व्ही. टॉवर रोड स्थित अवध हॉस्पिटल के पास प्रियदर्शनी कॉलोनी और झांसी रोड तिराहा, भारत गैस एजेंसी के पास अवैध रूप से मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने छापा मारते हुए दबिश दी।
छापेमारी में सामने आया कि आरोपी यूनिक रिश्ते डॉट कॉम और शादी मैचिंग डॉट कॉम नामक वेबसाइटों का उपयोग कर मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी रजिस्ट्रेशन करते थे। कॉल सेंटर में काम करने वाले युवक खुद को महिला बताकर ग्राहकों से बातचीत करते, शादी का झांसा देकर उन्हें प्रलोभित और गुमराह करते, साथ ही क्यूआर कोड और बैंक खातों के माध्यम से उनसे पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे।
पूछताछ में कॉल सेंटर के संचालक विवेक, संचालक अमित जैन, मैनेजर समेत अन्य लोगों ने कॉल सेंटर चलाने की बात को कबूला। पुलिस ने दोनों कॉल सेंटरों से ठगी में इस्तेमाल कंप्यूटर, मोबाइल फोन, रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। साथ ही अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं अन्य आरोपियों की भूमिका और ठगी के नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है। मामले में थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया ने जानकारी दी।--------