Sagar - ट्रेन से यात्रा कर रहा युवक मिला प्लेटफॉर्म पर घायल, याद नहीं किस ट्रेन में था
एक युवक ट्रेन से प्लेटफार्म पर गिर जाने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गया। वह कुछ देर घायल हालत में ही पड़ा रहा। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सागर जिले के बीना रेल्वे स्टेशन से सामने आई है। जहां प्लेटफ़ॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आरपीएफ स्टाफ को सूचना मिली थी की प्लेटफ़ॉर्म नंबर तीन पर अज्ञात यात्री घायल हालत में पड़ा हुआ है। जानकारी मिलते ही आरपीएफ एसआई अशोक यादव मौके पर पहुंचे। घायल यात्री से पूछताछ की गयी। लेकिन वह कुछ भी नहीं बता पा रहा था। जब उसका आधार कार्ड देखा गया तो उसका नाम गौरव जैसवाल सामने आया जो पिपरिया सोनभद्र का निवासी है।
घायल यात्री को यह भी नहीं पता है कि वह किस ट्रेन से यात्रा कर रहा था। घायल को सिविल अस्पताल ले जाया गया। यात्री के सिर में चोट होने की वजह से उसका इलाज किया जा रहा है। उसके पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद ही पता चल सकेगा की वह कहां से आ रहा था और कहां का सफर कर रहा था। उसके परिजनों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।--------