500 साल पुराने खजाने की सनसनी! सड़क की मिट्टी से निकले सोने के सिक्के, रातभर खुदाई में जुटे लोग
500 साल पुराने खजाने की सनसनी! सड़क की मिट्टी से निकले सोने के सिक्के, रातभर खुदाई में जुटे लोग
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रनगर चौकी के राजगढ़ गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क की मिट्टी से कथित तौर पर 500 साल पुराने सोने के सिक्के मिलने की खबर फैली। देखते ही देखते पूरा गांव और आसपास के इलाके खजाने की चर्चा से गूंज उठे। हालात ऐसे बन गए कि गांव एकाएक खजाना खोज अभियान में तब्दील हो गया। जानकारी के मुताबिक, राजगढ़ गांव में हाल ही में सड़क सुधार का काम चल रहा था। इस दौरान सड़क पर डाली गई मिट्टी में कुछ चमकदार सिक्के नजर आए। पहले तो लोगों ने इसे मामूली बात समझा, लेकिन जैसे ही एक-दो लोगों ने सिक्के उठाकर देखे, सोने के होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों का दावा है कि यह मिट्टी रियासतकालीन राजगढ़ पैलेस के आसपास के क्षेत्र से लाई गई थी। बारिश के बाद जब मिट्टी बहने लगी, तो उसमें दबे सिक्के बाहर दिखाई देने लगे। देखते ही देखते लोगों में होड़ मच गई। दिन ढलते ही सैकड़ों लोग टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में सड़क और मिट्टी को खोदते नजर आए। पूरी रात गांव में हलचल बनी रही। इस पूरी घटना के वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लोग मिट्टी को छान-छानकर सिक्के तलाश रहे हैं। चर्चा यहां तक है कि कुछ लोगों को सोने के सिक्कों के साथ कथित सोने की बिस्कुट भी मिले हैं, जिनकी कीमत लाखों से करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
खजाने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी। हालांकि बमीठा थाना प्रभारी का कहना है कि फिलहाल थाने में इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत या पुष्टि नहीं आई है। वहीं ग्राम सरपंच रमेश प्रसाद अहिरवार का दावा है कि सिक्कों और कथित सोने से जुड़ी जानकारी पुलिस के पास है और सूची भी बनाई गई है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ये सिक्के वास्तव में ऐतिहासिक और असली सोने के हैं या केवल अफवाह। लेकिन इतना तय है कि इस खबर ने राजगढ़ गांव को रातोंरात चर्चा के केंद्र में ला दिया है और हर कोई इस रहस्यमय खजाने की सच्चाई जानने को बेचैन है।