महिला बाउंसर से लूट करने वाले 3 बदमाश दबोचे गए, चाकू की नोक पर छीना मंगलसूत्र और बैग
एमपी के जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र में महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। कुशनेर ब्रिज के पास चाकू की नोक पर महिला बाउंसर से मंगलसूत्र और बैग लूटने की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात का खुलासा हो सका। पुलिस के अनुसार, गांधी ग्राम बुढ़ागर निवासी 30 वर्षीय हेमलता बर्मन, जो एक होटल में बाउंसर के पद पर कार्यरत हैं, मंगलवार रात अपनी मोपेड से ससुराल से मायके जा रही थीं। रात करीब कुशनेर ब्रिज के नीचे तीन युवकों ने मोपेड से उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने जबरन उनकी गाड़ी रुकवाई और देखते ही देखते चाकू निकाल लिया।
पीड़िता ने बताया कि एक बदमाश ने उनके गले पर चाकू अड़ा दिया, जिससे वह घबरा गईं। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया, जबकि तीसरे आरोपी ने उनका बैग छीन लिया। बैग में मोबाइल फोन, आधार कार्ड की फोटोकॉपी और करीब 2 हजार रुपए नकद रखे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पनागर थाना पुलिस सक्रिय हुई और इलाके में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया गया। हुलिए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने देवरी निवासी रोहित केवट उर्फ जॉन, रैपुरा निवासी रोहित केवट उर्फ ब्रावो और तिवारीखेड़ा निवासी सुजीत काछी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।