पुलिस ने 5 करोड़ की MD ड्रग्स फैक्ट्री की ध्वस्त, अंतर्राज्यीय तस्करी का नेटवर्क बेनकाब
मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम में एमपी के आगर मालवा पुलिस ने एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई इस अंतर्राज्यीय कार्रवाई में पुलिस ने राजस्थान में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री और तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये कीमत का नशे का जखीरा जब्त किया है। इस ऑपरेशन को पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स कार्रवाई माना जा रहा है।
पूरे मामले की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को हुई, जब कोतवाली आगर पुलिस ने आगर–सुसनेर रोड के आमला क्षेत्र से फैजान नामक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 330 ग्राम एमडी ड्रग्स (अनुमानित कीमत 33 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने राजस्थान से ड्रग सप्लाई होने की अहम जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क पर नजर रखनी शुरू की।
पुख्ता सूचना मिलने पर 28 जनवरी की रात आगर मालवा पुलिस की करीब 80 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने राजस्थान के झालावाड़ जिले के ग्राम घाटाखेड़ी (थाना डग) में दबिश दी। यहां से दो मुख्य आरोपी शाहीर खान और मुनव्वर खान उर्फ राजा को गिरफ्तार किया गया। मौके पर एक पूरी तरह सक्रिय एमडी ड्रग्स फैक्ट्री संचालित होती मिली। पुलिस ने मौके से 1 किलो स्मैक, 2 किलो एमडी ड्रग्स, 2 किलो केटामाइन, 25 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, ड्रग निर्माण की मशीनें, केमिकल, 7 मोबाइल फोन, हथियार और फर्जी नंबर प्लेट जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क लंबे समय से कई राज्यों में नशे की सप्लाई कर रहा था।
आगर मालवा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में राजस्थान पुलिस का भी समन्वय रहा और कार्रवाई को बेहद गोपनीय व सुरक्षित तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, फाइनेंसरों और सप्लाई चैन की गहन जांच कर रही है। यह कार्रवाई न सिर्फ नशे के कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि आगर मालवा पुलिस नशे के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में है।