डेयरी पर छापा मारकर मिलावटी दूध का भंडाफोड़, जांच के लिए भेजे गए सैम्पल |SAGAR TV NEWS|
खाद्य विभाग की टीम ने फिर एक बार बड़ी कार्यवाई को अंजाम दिया है। जिसके बाद हड़कंप की स्थिति बन गयी। डेयरी पर छापा मारते हुए मिलावटी दूध का भंडाफोड़ किया गया है। टीम ने मौके से केमिकल और पाम तेल भी जप्त किया है। मामला एमपी के मुरैना से सामने आया। खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनपुर क्षेत्र में संचालित एक डेयरी पर छापा मारकर दूध में मिलावट से जुड़े गंभीर मामले को उजागर किया। बताया गया की यह डेयरी अशोक सिंह कुशवाह के मकान में संचालित की जा रही थी।
खाद्य विभाग की टीम ने कार्यवाई करते हुए मौके से दूध में मिलावट के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले केमिकल और रिफाइंड तेल बरामद किए। विभाग को डेयरी से 1 टिन रिफाइंड पाम तेल (15 किलोग्राम) और 3 टिन आरएम बढ़ाने वाला केमिकल मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डेयरी संचालक से दूध, रिफाइंड पाम तेल और आरएम केमिकल के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया अनियमितताएं पाए जाने पर डेयरी का खाद्य पंजीकरण निलंबित कर दिया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।