5 दिनों से तेंदुए के डर के साये में थे लोग, आख़िरकार पकड़ा गया तेंदुआ
बीते कई दिनों से एक तेंदुए ने जबरदस्त तरीके से आतंक मचाया हुआ था। उसने करीब आठ बकरियों का शिकार भी किया था। जिस वजह से उसकी लोगों में जमकर दहशत फैली हुई थी। आखिरकार मादा तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग टीम को सफलता हाथ लग गयी है। करीब पांच दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद आख़िरकार वह टीम के हत्थे चढ़ गया। मामला एमपी के इंदौर के सनावदिया इलाके का है। जहां कई दिनों से मादा तेंदुए कीदहशत देखने को मिल रही थी। आठ साल की मादा तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया है। जिसका परीक्षण भी किया गया है। अब उसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है की सनावदिया इलाके में पिछले कुछ दिनों में मादा तेंदुए ने आठ बकरियों का शिकार किया था। जिसके बाद से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने इलाके में पिंजरा लगाकर निगरानी शुरू की। लगातार उसकी निगरानी की जा रही थी। और पांच दिनों की कोशिशों के बाद शुक्रवार देर रात तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। पकड़े जाने के बाद मादा तेंदुए को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए इंदौर चिड़ियाघर लाया गया। जहां पशु चिकित्सकों ने उसका परीक्षण किया। जांच में तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मादा तेंदुए को जंगल में सुरक्षित रूप से वापस छोड़ दिया जाएगा। फिलहाल इलाके में तेंदुए के पकड़े जाने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
इसको लेकर चिड़िया घर के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने जानकारी दी।