पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप, मंदिरों और सूने घरों में चोरी करने वाला गिरोह धराया, 30 लाख का माल जब्त
धार्मिक आस्था पर चोट करने और सूने घरों को निशाना बनाने वाले कुख्यात गिरोह पर एमपी के पन्ना पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ को अंजाम दिया है। पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह के 7 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। इस कार्रवाई से पन्ना, कटनी और सतना में हुई कई बड़ी चोरी की वारदातों का पर्दाफाश हो गया है। एसपी निवेदिता नायडू के नेतृत्व में देवेंद्रनगर और सलेहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से मंदिरों और सूने घरों को निशाना बना रहा था। आरोपियों ने पन्ना में 11, कटनी में 4 और सतना में 4 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल था।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। पहले रेकी करता, फिर रात के अंधेरे में ताले काटने वाली कटर मशीन और अत्याधुनिक औजारों से चोरी करता था। खास बात यह है कि पकड़े गए आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं, लेकिन जमानत पर बाहर आते ही फिर से अपराध की दुनिया में लौट जाते थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 किलो चांदी (जेवरात और सिल्लियां), 13 मोटरसाइकिलें, ताले काटने वाली कटर मशीन, अन्य औजार और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मशरूके की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का मानना है कि ये बाइकें चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाती थीं।
एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि आरोपियों ने खासकर मंदिरों को निशाना बनाकर आम जनता की धार्मिक भावनाओं को आहत किया था, इसलिए इस गिरोह को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है कि कानून से बचना आसान नहीं होगा। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में कई और वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के और सदस्य तो सक्रिय नहीं हैं। इस बड़े ऑपरेशन के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पन्ना पुलिस की सराहना की जा रही है।