Sagar- कांग्रेस की कार्यकारणी पर भाजपा को ऐतराज, फिरदौस कुरैशी को लेकर गरमाई सियासत
सागर जिले में ईद‑मिलाद‑उन‑नबी के अवसर पर निकाले गए जुलूस में “सर तन से जुदा” कथित नारे लगाने के आरोपी को जिला कांग्रेस में पद मिलने से मामले ने तूल पकड़ लिया है. इसको लेकर सियासत भी तेज हो गई है. इस मामले में विपक्षी दल कांग्रेस को भारी राजनीतिक और सामाजिक विरोध का सामना करना पड़ रहा है.
दरअसल, यह नारेबाज़ी शहर के तीनबत्ती तिराहे पर हुई थी और वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद विवाद का केंद्र बन गई थी. अब इस मामले में जिला कांग्रेस ने फिरदौस कुरैशी और शाहबाज कुरैशी को अपनी कार्यकारिणी में शामिल किया है, जिसपर राजनीतिक विरोध तेज़ है. हालांकि कोतवाली पुलिस ने इसी घटना के सिलसिले में फिरदौस कुरैशी, पम्मा कुरैशी और शाहबाज कुरैशी के खिलाफ़ नामज़द FIR दर्ज की है, और मामले की जांच जारी है.
इस नियुक्ति को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नफरत फैलाने वालों से हाथ मिलाकर कांग्रेस खुद को मोहब्बत की ठेकेदार बताने का ढोंग कर रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब अच्छे और साफ-सुथरी छवि वाले लोग नहीं बचे हैं, इसलिए वह आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को पार्टी में पदाधिकारी बना रही है।
वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि यह पूरा मामला भाजपा का षड्यंत्र है। पार्टी स्तर पर की गई जांच में फिरदौस कुरैशी को बेकसूर पाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त धार्मिक आयोजन के दौरान भीड़ में मौजूद असामाजिक तत्वों द्वारा विवादित नारे लगाए गए थे, जिनका फिरदौस कुरैशी से कोई लेना-देना नहीं है।