Sagar- बस और कंटेनर के भिड़ंत, युवती सहित 3 लोग पहुंचे अस्पताल, 2 घंटे लगा रहा जाम |SAGAR TV NEWS|
सागर के नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार को यात्री बस और कंटेनर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा बम्होरी स्थित खंभा फैक्ट्री के पास हुआ। टक्कर में बस में सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, मां हरसिद्धि ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP 49 P 0811) सोमवार को सागर बस स्टैंड से सवारियां लेकर नरसिंहपुर जा रही थी। तभी बम्होरी के पास सामने से आ रहे कंटेनर (क्रमांक HR 38 Z 6211) से बस की भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की टक्कर होने से बस के कैबिन में बैठे यात्री घायल हुए हैं। घटना देख मौके पर राहगीर और आसपास के लोग पहुंचे और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि यात्री बस और कंटेनर की टक्कर हुई है। इसमें अर्पित गौंड निवासी हनोता, राजू हल्केभाई नागवंशी निवासी बक्सवाहा और आरती ठाकुर निवासी मकरोनिया घायल हुए हैं। घायलों में आरती ठाकुर को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। बस और कंटेनर के ड्राइवर सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से हाईवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।