बुंदेलखंड में धमाल मचाने आ रहे दिग्गज कलाकार,कैलाश खेर से लेकर अभिलिप्सा पांडा तक
बुंदेलखंड का प्रसिद्द नोहलेश्वर महोत्सव जिसकी बहुत जल्द गूंज सुनाई देगी। इस बार इस महोत्सव को और भी ज्यादा भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। दमोह जिले के नोहटा में दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बुंदेलखंड के कलाकारों को तो मंच मिलेगा ही, साथ ही मायानगरी मुंबई से भी कई दिग्गज कलाकार इसमें शिरकत करेंगे। जिनमें महान गायक कैलाश खैर शामिल हैं। इसके अलावा प्रसिद्द भजन गायिका आशा वैष्णव, देश के महान कवि हरिओम पवार, बॉलीवुड के महान कलाकार पुनीत इस्सर और उनका ग्रुप, हर-हर शंभु गाने से मशहूर हुई अभिलिप्सा पांडा समेत अन्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 5 फरवरी से लेकर 15 तारीख तक नोहलेश्वर मेले का आयोजन किया जायेगा। जिसमें हर दिन बड़े कलाकार तो अपनी प्रस्तुति देंगे ही साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जायेगा। जिसमें हज़ारों लोगों का परीक्षण किया जायेगा। साथ ही रोजगार मेले का आयोजन भी मेले में किया जाना है। जिसका उद्देश्य है की लोगों को रोजगार मिल सके। कम से कम 2 हजार लोगों को रोजगार देने की बात कही गयी है। आगामी 12 फरवरी को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मेले में शिरकत करेंगे।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र लोधी के गृह नगर दमोह के नोहटा में होने वाले नोहलेश्वर मेले को लेकर निजी होटल में आयोजित हुई पत्रकारवार्ता में मंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया की देश के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुति, साथ ही स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच दिया जाएगा। हर दिन अलग-अलग प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। साथ ही स्वादिष्ट व्यंजन बच्चों के झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही तरह-तरह के आकर्षक और मनमोहक झांकियां भी बनाई गई है। हर साल की तरह इस साल भी भव्यता और परंपरागत रूप से इस समारोह को संपन्न किया जाएगा।