युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, आधे घंटे तक पुलिस के पसीने छूटे रहे
बिल्डिंग पर चढ़ने के बाद एक युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। वह काफी देर से नीचे कूदने की धमकी देने लगा। पुलिस ने उसे काफी समझाया नीचे मौजूद भीड़ ने भी उसे समझाइश दी। पुलिस की सूझबूझ से युवक को सकुशल बचा लिया गया। मामला उज्जैन जिले के माधव नगर थाना इलाके से सामने आया है। बताया गया की फ्री गंज क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक बिल्डिंग पर चढ़कर कूदने का प्रयास करने लगा। युवक को बिल्डिंग की मुंडेर पर खड़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जहां युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। इस बात की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना प्रभारी राकेश भारती अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। और हालात को संभालते हुए युवक से लगातार बातचीत की साथ ही उसे समझाइश भी दी गयी। पुलिस की सूझबूझ और संयम भरे व्यवहार के चलते युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने बताया की युवक का नाम कुंदन है। जो बिहार का रहने वाला है वह मानसिक रूप से कमजोर है
बताया जा रहा है कि युवक पहले एक घर में घुस गया था। जहां से बैग और कपड़े लेकर भागने की कोशिश की और इसके बाद छत-दर-छत चढ़ते हुए कूदने की कोशिश करने लगा। नीचे करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। युवक को इस बात का डर था कि लोग उसके साथ मारपीट करेंगे। जिसकी वजह से वह बार-बार कूदने की कोशिश कर रहा था। तकरीबन आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। पुलिस की तत्परता और मानवीय रवैये के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। मामले में माधव नगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने जानकारी दी।