Sagar - होमवर्क न लाने पर छात्र की स्केल से पिटाई, शिकायत पर स्कूल के शिक्षक पर मामला दर्ज
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में आने वाले पटना बुजुर्ग स्थित क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 9वीं के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार छात्र अभिजीत 14 पिता राजेंद्र ठाकुर होमवर्क की कॉपी प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर शिक्षक शैलेंद्र चढ़ार ने उसे कक्षा में ही स्केल से पीट दिया। जिसके चलते छात्र के शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान हैं। घटना के बाद छात्र ने घर पहुंचकर परिजन को जानकारी दी। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे,
जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ थाने में मारपीट का प्रकरण दर्ज किया। छात्र के बड़े भाई अभी ठाकुर का आरोप है कि शिक्षक ने सभी छात्रों के सामने मारपीट की और बाद में बच्चे को लगभग दो घंटे तक एक कमरे में बंद रखा। उनका कहना है कि यदि कोई अनुशासनात्मक समस्या थी तो परिजन को बुलाकर बात की जा सकती थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि मैंने निर्देशित कर दिया है कल स्कूल में जांच के लिए टीम भेजी जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस मामले में स्कूल प्राचार्य सिस्टर जानसी ने बताया कि मैं अभी बाहर हूं, मेरे स्कूल में किसी भी प्रकार का पनिशमेंट देना सख्त मना है।
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने इस मामले में जांच करने की बात कही है तो वहीं बाल संरक्षण आयोग के सदस्य ओंकार सिंह ने मामले को संज्ञान में लिया है