कुख्यात बदमाश के 1 रूपये इनाम के पोस्टर वायरल, बदनामी से खुद थाने पहुंच किया सरेंडर |SAGAR TV NEWS|
जिस बदमाश से लोग खौफ खाते थे। जिस बदमाश ने पुलिस की नाक में दम कर दिया था उसे पकड़ने पुलिस ने जो प्रयास किया, उससे पहले तो खुद पुलिस की हंसी उड़ी। लेकिन नहले पे दहले की तरह चली गयी यह चल इतनी सटीक साबित हुई की आदतन बदमाश ने पुलिस में खुद ही सरेंडर कर दिया। जी हां मामला एमपी के नरसिंहपुर जिले का है। जहां करेली थाना अंतर्गत एक आदतन अपराधी को शर्मिंदगी ने घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। उस पर पुलिस ने महज एक रूपये का इनाम घोषित किया था। जगह-जगह पोस्टर चस्पा किये गए थे। सभी हैरान थे की आखिर पुलिस ने बदमाश को पकड़ने एक रूपये का इनाम क्यों घोषित किया।
दरअसल बीते महीने 9 जनवरी को करेली थाने में दर्ज एक शराब कांड के मामले में मुख्य आरोपी धनराज लोधी फरार चल रहा था। उस पर जिले के अलग-अलग थानों में शराब तस्करी, सट्टा और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 13 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। जिससे वह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहा है। इस बार करेली पुलिस ने उसे पकड़ने डंडे की जगह दिमाग का इस्तेमाल किया। नरसिंहपुर एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने एक अलग दांव खेला। धनराज की गिरफ्तारी के लिए इलाके भर में पोस्टर चस्पा किए गए। जिसमें उस पर इनाम की राशि मात्र 1 रुपए रखी गई।
बस यही चीज धनराज लोधी के आपराधिक रसूख और सामाजिक छवि पर गहरा प्रहार कर गयी। परिजनों और खुद आरोपी को इस मामूली राशि के बारे में पता चला तो वे हैरान रह गए। परिजन खुद इसको लेकर थाने भी पहुंचे थे। वहीं आरोपी पर इस बात का इतना गहरा असर पड़ा की शर्मिंदगी नहीं झेल पाया और खुद ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। फ़िलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।