सागर- बजट 2026, विकसित भारत की नींव मजबूत, गांव–गरीब–किसान पर ऐतिहासिक फोकस
सागर में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने बजट 2026 को “विकसित भारत 2047” की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए इसे अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला दूरदर्शी बजट करार दिया है। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान और नारी शक्ति के सशक्तिकरण का रोडमैप है। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, बजट 2026 उसी दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले के बजट में राष्ट्रीय चेतना और अंतिम व्यक्ति के उत्थान की स्पष्ट दृष्टि नहीं थी। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्रों के लिए ठोस आर्थिक नीति का अभाव था।
उन्होंने कहा कि पहले 80% बजट शहरी विकास पर खर्च होता था, जिससे ग्रामीण भारत पिछड़ गया। लेकिन मोदी सरकार ने इस असंतुलन को बदला और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी। इस बजट में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के कल्याण के लिए स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं, जो समावेशी विकास का प्रमाण है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के बावजूद भारत की विकास दर को स्थिर बनाए रखने में यह बजट अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग के तहत मध्यप्रदेश में ग्रामीण विकास के लिए 41% बजट आवंटित किया गया है। पिछले वर्ष यह राशि 4,394 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर इस साल 6,172 करोड़ रुपये हो गई है।
उन्होंने भरोसा जताया कि बेहतर क्रियान्वयन से यह राशि आने वाले वर्षों में 8,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। इस बजट का उपयोग ग्रामीण अधोसंरचना, जल संसाधन, पेयजल, स्वच्छता और वाटर रीसोर्सिंग परियोजनाओं में किया जाएगा, जिससे गांवों में जीवन स्तर बेहतर होगा। पत्रकार वार्ता में विधायक शैलेन्द्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिराम सिंह ठाकुर और जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केसरवानी ने किया। बजट 2026 सिर्फ आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की ठोस कार्ययोजना है—जहां गांव मजबूत होंगे, किसान सशक्त होगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा।