दूल्हा-दुल्हन की कार शादी से लौट समय अवैध रेत के ट्रैक्टर के कारण 4 लोग पहुंच गये अस्पताल
अवैध रेत के कहर ने एक बार फिर सड़क पर कहर बरपाया है। एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर तिराहे पर तेज रफ्तार अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शादी की खुशियों के बीच लौट रहे परिवार पर अचानक आई इस विपदा ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बारात सरबई से भरवारा गांव गई थी। विवाह संपन्न होने के बाद दूल्हा अमित अहिरवार अपनी नवविवाहिता पत्नी प्रभा अहिरवार के साथ घर लौट रहे थे। कार में दूल्हे के फूफा और एक अन्य रिश्तेदार भी मौजूद थे। जैसे ही वे बसंतपुर तिराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे अवैध रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मदद के लिए दौड़ लगाई और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत खनन और परिवहन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार रेत से भरे ट्रैक्टर रोजाना सड़कों पर मौत बनकर दौड़ते हैं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद अवैध रेत परिवहन पर सख्त कार्रवाई होती है या फिर एक और फाइल बनकर रह जाएगी। घायल के परिजन ने बताया कि “शादी की खुशियों के बीच यह हादसा हुआ… प्रशासन को ऐसे ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”