सागर- ब्राह्मण समाज और करणी सेना ने जाम कर दिया नेशनल हाईवे,बोले अपमान बर्दाश्त नहीं |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के देवरी इलाके में UGC कानून के समर्थन में निकाली गयी रैली में आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर ब्राह्मण समाज और करणी सेना में गुस्सा पनप रहा है। इसी गुस्से की आग पहले देवरी थाने और इसके बाद नेशनल हाईवे 44 पर भी दिखाई दी। जब ब्राह्मण सामज के लोगों ने एकजुट होकर हाईवे जाम कर दिया। और सम्बंधित लोगों पर FIR किये जाने को लेकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान दो घंटे से भी ज्यादा समय तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतार लग गयी।
सागर जिले की देवरी तहसील में एससी-एसटी-ओबीसी संगठनों बीते द्वारा 6 फरवरी को किए गए यूजीसी समर्थन आंदोलन के दौरान लगाए गए कथित आपत्तिजनक नारों को लेकर विवाद गहराता नजर आया। इसी के विरोध में सोमवार को ब्राह्मण समाज संगठन और करणी सेना के कार्यकर्ता देवरी थाना परिसर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के अलावा एफआईआर दर्ज करने की मांग की। लेकिन थाने में एफआईआर दर्ज न होने से असंतुष्ट ब्राह्मण समाज और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे 44 फोरलेन पर जाम लगा दिया। जिससे सैंकड़ों वाहन जाम में फंस गए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था की 6 फरवरी के आंदोलन के दौरान ब्राह्मण समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक नारे लगाए गए। कथित टिप्पणी की गयी। जिससे समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाने वाले कथित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग दोहराई।
वहीं प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर और एनएच-44 पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। देवरी एसडीओपी के स्थानांतरण के कारण एसडीओपी रहली मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इस दौरान महाराजपुर थाना प्रभारी और देवरी थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने एफआईआर दर्ज किये जाने का आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त कराया। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।