वनकर्मियों पर फायरिंग करने वाले शिकारियों का निकला जुलूस, पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 6 गिरफ्तार
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में वनकर्मियों पर हमला करने वाले दबंग शिकारियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए न सिर्फ उन्हें गिरफ्तार किया, बल्कि इलाके में कानून का संदेश देने के लिए उनका जुलूस भी निकाला। यह दृश्य पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना एमपी के नरसिंहपुर जिले के डोंगरगांव वन परिक्षेत्र के आमापानी वीट की है, जहां गश्ती के दौरान वनकर्मियों पर आरोपियों ने हमला कर दिया था। इतना ही नहीं, अवैध रूप से सागौन की लकड़ी काटने और उसका भंडारण करने के दौरान आरोपियों ने वन अमले पर फायरिंग भी की थी। इस दुस्साहसिक घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया था। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 2 फरवरी को सुआतला थाने में मामला दर्ज कराया था।
जांच के बाद आज पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी राजा लोधी सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कानून का डर दिखाने और अपराधियों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने सभी आरोपियों को सार्वजनिक रूप से जुलूस के रूप में घुमाया। इस दौरान आरोपियों को “शिकार करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” जैसे नारे लगाते देखा गया, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। पुलिस का कहना है कि यह कदम क्षेत्र में अवैध शिकार और वन अपराधों पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे। वन विभाग के अधिकारियों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
प्रियंका केवट, थाना प्रभारी सुआतला ने बताया कि उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह घटना एक बार फिर इस बात को उजागर करती है कि वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पुलिस और वन विभाग मिलकर पूरी तरह सतर्क हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि जंगल बचेंगे तभी जीवन बचेगा। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में अवैध शिकार और लकड़ी तस्करी करने वालों में खौफ साफ देखा जा रहा है। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व अब अपराधियों के लिए सुरक्षित नहीं रहा।