sagar-जिला अस्पताल के वार्ड में खुलेआम शराबखोरी, वीडियो सामने आने के बाद उठे सवाल
सागर जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में एक शराबखोरी करने का वीडियो वायरल हुआ है, इस वीडियो ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को फिर सवालो के घेरे में ला दिया है। अस्पताल के जनरल वार्ड में एक मरीज के साथ आए परिजन ने वार्ड के अंदर ही शराब की पूरी बोतल खाली कर दी। घटना गुरूवार रात की बताई जा रही है जिसका वीडियो अब सामने आया है, जिसमें मरीज का परिजन वार्ड के अंदर ही सबके सामने शराब पीता दिखाई दे रहा है। वार्ड में शराब पीता देख अस्पताल स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो शराबी ने स्टाफ से बहस की। बाद में उसे वार्ड से बाहर कर दिया। इस दौरान मौजूद स्टाफ ने पूरा वाकया मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर सूचित किया। घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा कर्मचारियों की कमी की बात सामने आई है। अस्पताल में कुल 14 गार्ड है, लेकिन रात्रि के समय पूरे परिसर में सिर्फ 5 गार्ड तैनात रहते हैं। इसमें एक मुख्य गेट, एक डफरिन गेट, प्रसूता कक्ष, पीआईसीयू और एसएनसीयू में ड्यूटी पर रहते हैं। इसी वजह से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद रहते है।