मिर्च स्प्रे डालकर 16.5 लाख का चना लूटा, पुलिस का त्वरित एक्शन ट्रक समेत एक गिरफ्तार, दो बदमाश फरार
एमपी के जबलपुर में हाईवे पर हुई सनसनीखेज ट्रक लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। हथियारबंद बदमाशों ने चालक की आंखों में मिर्च स्प्रे डालकर करीब 16.5 लाख रुपए कीमत का 550 बोरी चना लूट लिया था। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक बरामद कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अभी भी फरार हैं। पूरा मामला दमोह से कटनी जा रहे चना लोड ट्रक से जुड़ा है। दमोह कोतवाली निवासी चालक संतोष सेन ने पुलिस को बताया कि वह गायत्री ट्रेडर्स से ट्रक क्रमांक MP-20-HB-5647 में चना लोड कर कटनी जा रहा था। मंगलवार रात करीब 1:30 बजे जब वह जबलपुर के मझौली क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी बिना नंबर की कार में सवार तीन बदमाशों ने अचानक ट्रक के आगे कार अड़ा दी और उसे रोक लिया।
जैसे ही चालक नीचे उतरा, बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्च स्प्रे छिड़क दिया और बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उससे ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम के बारे में पूछताछ की। जब उसने जानकारी देने से इनकार किया तो बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और बेहोशी की हालत में कुछ दूर सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद वे चना लोड ट्रक लेकर फरार हो गए। किसी तरह होश में आने के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी। अलर्ट मिलते ही जबलपुर पुलिस ने आसपास के थानों में नाकाबंदी कर दी। देर रात शहपुरा पुलिस ने चना लोड ट्रक को बरामद कर लिया और उसे चला रहे इंदौर निवासी सागर गोयल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सागर गोयल ने बताया कि उसके दो साथी महेंद्र और सुमित (दोनों निवासी इंदौर) बिना नंबर की कार से फरार हो गए हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हाईवे पर घूम-घूमकर अकेले ट्रक चालकों को निशाना बनाते थे और इसी तरीके से माल लूटते थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में इंदौर पुलिस से भी जानकारी मांगी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या हाईवे पर ट्रक चालकों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम होंगे—या फिर इस तरह की वारदातें जारी रहेंगी?