सागर- अरिहंत ज्वैलर्स चोरी का खुलासा, 15 लाख की चांदी बरामद, फरार आरोपी गुना से गिरफ्तार
एमपी के विदिशा के खरी फाटक स्थित अरिहंत ज्वैलर्स में हुई लाखों की चोरी का कोतवाली पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। फरार चल रहे एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 5 किलो 250 ग्राम चांदी और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं। बरामद चांदी की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 3 जनवरी 2026 को कुछ बदमाशों ने अरिहंत ज्वैलर्स के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन एक आरोपी फरार चल रहा था।
फरार आरोपी जीतू पारदी, उम्र 21 वर्ष, निवासी गड़ला गिर्द को पुलिस ने गुना जिले से धर दबोचा। आरोपी के पास से चोरी की गई चांदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि लगातार की गई निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया है।
वहीं दूसरी ओर, “360 डिग्री अभियान” के तहत सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सराफा व्यापारियों ने विदिशा पुलिस को सीसीटीवी कैमरे लगवाने हेतु 2 लाख रुपये का चेक सौंपा। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।