Sagar- अस्पतालों में अवैध वसूली ! निशाने पर प्रदूषण नियंत्रण मंडल ,सामूहिक हड़ताल की चेतावनी
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक और आईएमए के पूर्व अध्यक्ष प्रो. डॉ. सर्वेश जैन ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बोर्ड के सचिव को लिखे एक पत्र में खुलासा किया है कि सागर के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों से प्रदूषण एनओसी के नाम पर अवैध वसूली का खेल लंबे समय से चल रहा है।
डॉ. जैन के अनुसार, दो संदिग्ध व्यक्ति खुद को क्षेत्रीय कार्यालय का प्रतिनिधि बताकर अस्पतालों में घुस रहे हैं। ये व्यक्ति बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी के लिखित आदेश या उचित पहचान के औचक निरीक्षण की जिद करते हैं और एनओसी दिलाने के एवज में मोटी रकम की मांग करते हैं। पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि इस भ्रष्टाचार पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई, तो जिले के समस्त निजी अस्पताल और क्लीनिक संचालक जल्द ही एक बड़ी सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे।
शिकायत में एक बेहद संवेदनशील मुद्दा भी उठाया गया है। डॉ. जैन ने बताया कि उनकी पत्नी, जो कि स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं, उनके अस्पताल में ये तथाकथित प्रतिनिधि मर्यादाओं को ताक पर रखकर महिला मरीजों के जांच कक्ष में जबरन घुसने की कोशिश करते हैं। इस व्यवहार को मरीजों की गरिमा के खिलाफ और परिजनों के लिए भारी आपत्ति का विषय बताया गया है।
डॉ. जैन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्रीय स्टाफ को भोपाल तलब कर जांच करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे इस भ्रष्टाचार और दुव्यवहार के मुद्दे को आगामी सप्ताह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाएंगे। पत्र की प्रतियां लोकायुक्त और प्रमुख सचिव (पर्यावरण) को भी भेजी गई