वैलेंटाइन-डे इवेंट पर कहासुनी, नरसी मुंजी इंस्टीट्यूट में हंगामा, तोड़ फोड़ के आरोप
एमपी के इंदौर में वैलेंटाइन-डे को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शहर के नरसी मुंजी इंस्टीट्यूट में जमकर हंगामा हो गया। मामला गांधी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां 12 फरवरी को कॉलेज परिसर में ‘बेक सेल’ नाम से इवेंट आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में पहुंचे और आयोजन का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि विरोध के दौरान कुछ लोगों ने परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राएं घबराकर इधर-उधर हो गए।
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि वैलेंटाइन-डे की आड़ में गलत गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं कॉलेज प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर और एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस आयोजन की पूर्व सूचना थाने को नहीं दी गई थी।
डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। कॉलेज परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर तोड़फोड़ और उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।