शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे पिता की मौत, आक्रोश में ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, दिनभर चक्काजाम
एमपी के अनूपपुर जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में 46 वर्षीय प्रीतम दास उर्फ राजू की मौत हो गई, जबकि उनके साथी रमेश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और शुक्रवार को दिनभर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया गया।
जानकारी के मुताबिक, पोड़ी गांव के छुहिया तालाब के पास यह हादसा हुआ। मृतक प्रीतम दास अपने बेटे की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। बेटे की शादी 24 फरवरी को होनी थी और हाल ही में तिलक कार्यक्रम संपन्न हुआ था। लेकिन खुशियों के इस माहौल में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रमेश राठौर को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर, छत्तीसगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मालिक व चालक की तलाश की जा रही है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति को हादसे का बड़ा कारण बताते हुए एसईसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि खदान क्षेत्र से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 तक सड़क पर बड़े गड्ढे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शन के बाद एसईसीएल प्रबंधन ने सड़क मरम्मत का आश्वासन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।