प्लाई फैक्ट्री में भीषण धमाका, 4 मजदूर पहुंचे अस्पताल, 2 की हालत नाज़ुक
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक प्लाई निर्माण फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने अफरा-तफरी मचा दी। करेली स्थित ट्रीली एग्रो प्लाई फैक्ट्री में शुक्रवार को ड्रायर मशीन में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें चार मजदूर झुलस गए। घायलों में दो पुरुष और दो महिला मजदूर शामिल हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री में रोज़ाना की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान ड्रायर मशीन से अचानक तेज आवाज के साथ धमाका हुआ। धमाके की गूंज से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और आग व गर्म हवा के कारण बुरी तरह झुलस गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ड्रायर मशीन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मशीन के वैक्यूम सिस्टम में समस्या हो सकती है। इस फैक्ट्री में गन्ने के भूसे से प्लाई तैयार की जाती है और इसके लिए ड्रायर मशीन का उपयोग किया जाता है। हालांकि विस्फोट का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दो गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को नरसिंहपुर रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है। बाकी दो मजदूरों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फैक्ट्री प्रबंधन से पूछताछ कर रही है और मशीन के मेंटेनेंस रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।