रात के अंधेरे में सागर के 3 युवकों को दिखा नहीं टूटा हुआ पुल, फिर ज़िंदा नहीं बच सके तीनों
सागर जबलपुर मार्ग पर रात के समय एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें बारात में शामिल होने जा रहे सागर जिले के तीन युवकों की जान चली गयी। तीनों युवा एक साथ काल के गाल में समा गये। हादसा दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र का है। जहां सागर-जबलपुर स्टेट हाइवे पर व्यारमा नदी के टूटे पड़े पुल के बाजू से स्टापडेम से निकलने के दौरान बाइक गिरने के कारण तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई।
बताया जा रहा है की यह हादसा देर रात को हुआ। जानकारी के मुताबिक घटना उस दौरान हुई जब तीनों युवक रहली के छिरारी गांव से बारात में शामिल होने के लिए तेंदूखेड़ा के तारादेही समनापुर क्षेत्र की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान अजय घोषी उम्र 21 साल, अमित कुर्मी उम्र 21 साल और पवन कुर्मी उम्र 22 साल के रूप में हुई है। तीनों युवक सागर जिले के रहली क्षेत्र के छिरारी गांव के निवासी थे।
दरअसल तेज बारिश के कारण व्यारमा नदी का पुल पहले ही बह गया था और मार्ग दोनों ओर से बंद है। इसके बावजूद पुल के पास कोई सूचना बोर्ड, संकेतक या बैरिकेडिंग नहीं की गई है। अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण वाहन सवारों को पुल टूटने की जानकारी नहीं मिलती। जिसका खामियाजा इन तीनों नौजवानों को भुगतना पड़ा।
वह पुल के बाजू से नीचे जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक तीनों युवकों की जान जा चुकी थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल टूटने के बाद से ही प्रशासन द्वारा कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। यदि समय रहते संकेत बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो यह हादसा टल सकता था।