पुल से गिरे थे तीन युवक नहीं बच सके थे, मामले में कलेक्टर ने लिया संज्ञान |SAGAR TV NEWS|
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में एक बड़ी और गंभीर लापरवाही का खामियाजा तीन युवकों को अपनी जान देकर उठाना पड़ा। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे सागर जिले के रहली क्षेत्र के निवासी तीनों युवक रात के अंधेरे में पुल से नीचे गिर गए जिससे उनकी जान चली गयी। मामले में दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने झापन झालोन पुल दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने कहा की पुल वर्तमान में पूरी तरह से बंद है और काफी जर्जर स्थिति में है। प्रशासन द्वारा सागर जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर पीड़ित परिवारों को संबल योजना और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के माध्यम से अधिकतम आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) द्वारा लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से एप्रोच रोड और पुलिया स्वीकृत की गई है। इसका टेंडर मार्च अंत में खुलेगा साथ ही अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
कलेक्टर सुधीर कोचर ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा की दृष्टि से बंद पुल का उपयोग न करें। इसके अलावा उन्होंने बताया की मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (सड़क विकास निगम) द्वारा पुल स्थल पर पूर्व में बैरिकेड्स और चेतावनी संकेतक लगाए गए थे। लेकिन कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उन्हें हटा दिया गया। कलेक्टर सुधीर कोचर ने निर्देशित किया है। कि जहां-जहां बैरिकेड्स और संकेतक नहीं हैं। वहां फॉर से उन्हें तत्काल लगाए जाए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा संकेतों से छेड़छाड़ करना काफी गंभीर विषय है। जिसका खामियाजा निर्दोष लोगों को भुगतना पड़ सकता है। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि लगाए गए बैरिकेड्स और इंडिकेटर्स को यथास्थान रहने दें। उनसे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। ताकि बाहर से आने वाले लोग अनजाने में पुल पर न पहुंचें और दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें। कलेक्टर कोचर ने साफ़ किया की अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर सुरक्षा व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाते हुए पाया गया। तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है की शुक्रवार की बीती रात सागर जिले के रहली क्षेत्र के तीन युवकों की जान चली गयी थी। सागर-जबलपुर स्टेट हाइवे पर व्यारमा नदी के टूटे पड़े पुल के बाजू से स्टापडेम से निकलने के दौरान बाइक गिरने के कारण तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई थी। तीनों बारात में शामिल होने के लिए तेंदूखेड़ा के तारादेही समनापुर क्षेत्र की ओर जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।