भोले बाबा की भक्ति में डूबे भक्त, मंदिरों में उमड़ रहा है आस्था का सैलाब
महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है। दर्शन करने के लिए भक्तों का सैलाब पहुंच रहा है। एक तरफ महाकाल मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं उज्जैन जिले में ही अलग-अलग जगहों पर शिव मंदिरों में भारी भीड़ जुट रही है। कुछ इसी तरह का नज़ारा नागदा में भी देखने को मिला जहां शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं कर्नाटक के राज्यपाल की मौजूदगी में शिवरात्रि मेले का शुभारंभ किया गया।
नागदा में बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में पहुंच रहे हैं। और भगवान शिव के शिवलिंग पर जल अर्पित कर रहे हैं। नागदा में लगने वाले शिवरात्रि मेले का शुभारंभ भी हो चुका है। जहां कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत की मौजूदगी में मेले का शुभारंभ हो गया है। शिवरात्रि पर मंदिरों में दर्शन करने आने वाले भक्तों के लिए मंदिर प्रांगण में करीब ग्यारह क्विंटल साबूदाने की खिचड़ी का वितरण नाकोड़ा ग्रुप की तरफ से कराया जा रहा है।
साथ ही भक्तों को साबूदाने की खीर और ठंडाई अम्बे माता मंदिर की और से व्यवस्था की गई है। इसके अलावा व्यवस्था की बात करें तो सभी लोगों को दर्शन सुगमता से हो जाए इसके लिए पुलिस बल के साथ अन्य बल भी लगाया गया है। ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।