सागर में मंदिर चोर गिरफ्तार, सब्जीवाले की आड़ में करता था रेकी, खरीदार बनकर पुलिस ने बिछाया जाल
सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही दानपेटी चोरी की वारदातों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। थाना गोपालगंज पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो सब्जी विक्रेता बनकर मंदिरों की रेकी करता था और सुनसान पाकर दानपेटियों के ताले तोड़ देता था। मामला बीएमसी परिसर स्थित मृत्युंजय महादेव मंदिर से जुड़ा है, जहां 22 जनवरी 2026 की रात अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में घुसकर दानपेटी का ताला तोड़कर नगदी चुरा ली थी। डॉ. उमेश पटेल की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मैदानी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी समीर अली, उम्र 43 वर्ष, निवासी बाघराज, सागर को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ठेले पर सब्जी बेचने का काम करता था। दिनभर शहर में घूमते हुए वह कम निगरानी वाले मंदिरों को चिन्हित करता। हर दो-तीन दिन में सब्जी खत्म होने पर वह तड़के करीब 3 बजे स्कूटी से मंडी जाने निकलता और रास्ते में चिन्हित मंदिर में घुसकर लोहे की रॉड से दानपेटी का ताला तोड़ देता। वारदात के समय वह मास्क और गमछे से चेहरा ढंक लेता था, ताकि पहचान न हो सके।
चोरी के बाद सीधे मंडी जाकर सामान्य दिनचर्या शुरू कर देता। सीसीटीवी फुटेज के हफ्तों विश्लेषण और रूट चार्ट तैयार करने के बाद पुलिस ने मंडी में खरीदार बनकर कई दिनों तक निगरानी की। संदिग्ध की पहचान होने पर गोपनीय रूप से पीछा कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने 2020 से कई मंदिरों में चोरी करना कबूल किया। आरोपी के कब्जे से लोहे की रॉड, मास्क और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। उसने हनुमानगढ़ी मंदिर और सिद्ध बाबा मंदिर में चोरी की वारदातें भी स्वीकार की हैं। पुलिस अब उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत की सांस ली जा रही है।