सागर पुलिस की सतर्कता से लौटी 60 हजार की खुशियां, CCTV से घंटों में बरामद हुआ नगदी से भरा बैग
सागर में पुलिस कंट्रोल रूम की तत्परता ने एक परेशान फरियादी के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी। सीसीटीवी मॉनिटरिंग और तकनीकी दक्षता के दम पर नगद ₹60,000 से भरा बैग कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया गया। मामला सुभाष वार्ड गढ़ाकोटा निवासी राजेंद्र जैन से जुड़ा है, जो अपने बच्चों की परीक्षा दिलाने सागर आए थे। बच्चों को St. Marys School में छोड़ने के बाद वे निजी कार्य से कटरा गए। काम पूरा कर वे ऑटो से होटल पैराडाइस के सामने उतरे, लेकिन जल्दबाजी में अपना बैग ऑटो में ही भूल गए। बैग में जरूरी दस्तावेजों के साथ ₹60,000 नगद रखे थे।
बैग गायब होने पर वे बेहद चिंतित हो गए। काफी तलाश के बाद जब ऑटो का पता नहीं चला तो वे पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और उप निरीक्षक आरकेएस चौहान को घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिंहा को अवगत कराया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू की गई। महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक ने कंट्रोल रूम के कैमरों की बारीकी से जांच कर संदिग्ध ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर चिन्हित किया। वाहन पंजीयन विवरण के आधार पर चालक का मोबाइल नंबर और पता प्राप्त कर उसे कंट्रोल रूम बुलाया गया। तलाशी में बैग और पूरी नगदी सुरक्षित मिली।
सत्यापन के बाद बैग फरियादी को सौंप दिया गया। अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिलने पर वे भावुक हो उठे और पुलिस टीम का आभार जताया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आरकेएस चौहान, महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक, महिला आरक्षक रक्षा राजपूत और आरक्षक गौरव की अहम भूमिका रही। पुलिस कंट्रोल रूम की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि तकनीक और तत्परता से आमजन का भरोसा मजबूत होता है।