शादी समारोह बना अफरातफरी का मंजर, सिलेंडर ब्लास्ट से होटल में भीषण आग
एमपी की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इंदौर-भोपाल हाईवे पर भौंरी गांव के पास स्थित होटल प्ले एंड रिसोर्ट में सोमवार रात करीब 10 बजे गैस सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे भीषण आग लग गई। घटना उस समय हुई जब होटल में आशीर्वाद और रिसेप्शन समारोह चल रहा था। पूरा परिसर मेहमानों से भरा हुआ था। लोग नवदंपती को शुभकामनाएं दे रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज गूंजी। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आवाज दूर तक सुनाई दी। होटल स्टाफ और मौजूद लोगों की सूझबूझ से सभी मेहमानों को तुरंत बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि शादी के लिए की गई साज-सज्जा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी गैस सिलेंडर पर गिरने से आग भड़की। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सिलेंडर फटा, वहां कुछ समय पहले तक मेहमानों की गाड़ियां खड़ी थीं। यदि उस वक्त ब्लास्ट होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशन की दमकलें मौके पर पहुंचीं। नगर निगम के जोनल अधिकारी विक्रम झा ने बताया कि ट्रैफिक अधिक होने के कारण पीछे की दीवार तोड़कर जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल प्रशासन घटना की जांच में जुटा है। इस हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को कुछ देर के लिए दहशत में बदल दिया, लेकिन समय रहते सभी की सुरक्षित निकासी ने एक बड़ी त्रासदी टाल दी।