महिला कांग्रेस का खाली कढ़ाई प्रदर्शन, बजट से पहले रसोई की आग पर सियासी तड़का
एमपी की राजधानी भोपाल में बजट सत्र से पहले सियासत गरमा गई है। मध्यप्रदेश विधानसभा में बुधवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बजट पेश करने वाले हैं, लेकिन उससे पहले महिला कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी दफ्तर के सामने खाली कढ़ाई में सियासी मसाला भूनकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन महंगाई और घरेलू खर्चों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर किया गया। महिलाओं ने हाथों में खाली थालियां, गैस सिलेंडर और बेलन लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली चकोटी पर सांकेतिक रोटियां बेलकर यह संदेश दिया कि रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उनका कहना था कि उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर तो दिए गए, लेकिन उसकी कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। महिला कांग्रेस का आरोप है कि घर की आर्थिक जिम्मेदारी ज्यादातर महिलाएं निभाती हैं, लेकिन बजट में उनकी जरूरतों को प्राथमिकता नहीं दी जाती। उन्होंने मांग की कि आगामी बजट में रसोई गैस, खाद्य तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर बजट महिलाओं के हित में नहीं हुआ तो वे वित्त मंत्री के शासकीय आवास का घेराव करेंगी और पूरे प्रदेश में चरणबद्ध उग्र आंदोलन शुरू करेंगी। महिला कांग्रेस ने साफ किया कि यह विरोध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और घरेलू बजट की मजबूती के लिए है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बजट में सरकार महंगाई और महिलाओं की मांगों को कितनी अहमियत देती है।