रील के चक्कर में सड़क जाम ! सड़क पर 8 युवकों का ड्रामा, पुलिस ने जब्त की बाइक्स
एमपी के रीवा शहर में सोशल मीडिया रील बनाने की सनक ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। सिरमौर चौराहा ओवरब्रिज पर 7 से 8 युवकों की एक गैंग ने बीच सड़क बाइक्स खड़ी कर ट्रैफिक रोक दिया और खुद को गैंगस्टर साबित करने के लिए फिल्मी अंदाज में वीडियो शूट किया। बताया जा रहा है कि युवकों ने ओवरब्रिज के बीचों-बीच बाइक्स लगाकर रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। कुछ युवक बाइक्स पर लेट गए और स्टाइल मारते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने लगे। इस दौरान राहगीरों की गाड़ियां फंस गईं और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब कुछ लोगों ने सड़क जाम करने का विरोध किया तो युवकों ने अभद्र व्यवहार किया और धमकाने की कोशिश भी की। कुछ देर तक ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहा। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस सक्रिय हुई। अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद संबंधित युवकों को थाने लाया गया। उनकी बाइक्स जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर गैंगस्टर स्टाइल रील बनाने का ट्रेंड बढ़ा है, जिसमें युवा लाइक और फॉलोअर्स के लिए कानून तोड़ने से भी पीछे नहीं हट रहे। लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट या दबंगई दिखाना अब भारी पड़ सकता है। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सड़क को फिल्म सेट समझने की गलती न करे। रीवा पुलिस का संदेश साफ है—रील बनाओ, लेकिन कानून तोड़कर नहीं।