एमपी के उज्जैन जिले के नागदा में मंगलवार रात पेट्रोल पंप लूट की कोशिश से हड़कंप मच गया। नागदा-उन्हेल रोड पर ग्राम हताई-पालकी के समीप स्थित जियो पेट्रोल पंप पर करीब रात 9:30 बजे बदमाशों ने धावा बोल दिया। जानकारी के मुताबिक 2 से 3 बदमाश अचानक पंप परिसर में पहुंचे और कर्मचारियों को डराने-धमकाने लगे। जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान पंप पर मौजूद अन्य लोग सहम गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों का इरादा नकदी लूटने का था, लेकिन कर्मचारियों के शोर मचाने और आसपास लोगों की हलचल बढ़ने से उनकी योजना नाकाम हो गई। वारदात की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं। सूचना मिलते ही नागदा पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। घायल कर्मचारियों का प्राथमिक उपचार कराया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस रोड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है। पेट्रोल पंप जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच जारी है। नागदा में हुई इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी वारदात टल गई।






सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.