रहस्यमयी स्कूल में छात्राओं को दिखता सफेद सा या ! वायरल वीडियो से मचा ह ड़ कंप
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। करकेली विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कल्दा में कथित “भूत दिखने” की चर्चा ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ छात्राएं मदहोशी जैसी हालत में झूमती, चीखती और असामान्य व्यवहार करती नजर आ रही हैं। वीडियो तेजी से फैलते ही ग्रामीणों और अभिभावकों में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। जिला शिक्षा अधिकारी आर. एस. मरावी के निर्देश पर शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम स्कूल पहुंची। प्रभावित छात्राओं को जांच के लिए पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण किया।
चिकित्सकीय जांच में छात्राओं की शारीरिक स्थिति सामान्य पाई गई। डॉक्टरों का कहना है कि यदि जरूरत पड़ी तो मनोचिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला सामूहिक मनोवैज्ञानिक प्रभाव या भय से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। छात्राओं ने बातचीत में बताया कि उन्हें “सफेद-सफेद कुछ दिखाई देता है, जो उनसे जगह मांगता है।” इस बयान के बाद अंधविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बहस छिड़ गई है। हैरानी की बात यह है कि छात्राएं घर पर पूरी तरह सामान्य रहती हैं, लेकिन स्कूल परिसर में पहुंचते ही ऐसी घटनाएं सामने आती हैं।
फिलहाल प्रशासन स्कूल के माहौल, अफवाहों और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रहा है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बच्चों को डराने वाली बातों से दूर रखें। अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है—क्या यह सचमुच कोई रहस्य है या फिर डर और अफवाह का असर? सच्चाई जल्द सामने आने की उम्मीद है।