हफ्ता वसूली पर बवाल, पुलिस कंट्रोल रूम का घेराव, शहर में चक्काजाम |SAGAR TV NEWS|
एमपी के उज्जैन जिले के केशव नगर इलाके में हफ्ता वसूली के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। कोचिंग संचालक अजय जागरी से कथित रूप से इमरान और आरिफ नाम के युवकों द्वारा अवैध वसूली की मांग की गई। आरोप है कि इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और बाद में अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडों से घर पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता पार्थ जैन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने असली आरोपियों पर सख्ती करने के बजाय उन्हें ही पकड़कर मारपीट की। पार्थ जैन का कहना है कि उनका विवाद से कोई संबंध नहीं था, वे निजी काम से गुजर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनके साथ बेरहमी से व्यवहार किया।
पुलिस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शहर में आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह कोचिंग क्लास एसोसिएशन, भारत विकास परिषद और बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि पुलिस अधीक्षक मौके पर आकर जवाब दें। कोचिंग संचालक पंकज चांदोरकर ने कहा कि हफ्ता मांगने वाले आरोपियों और मारपीट में शामिल पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग रखी कि आरोपियों के अवैध निर्माण हटाए जाएं और उनके बिजली-पानी कनेक्शन काटे जाएं।
स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एफआईआर में छह और नाम जोड़े जा रहे हैं तथा पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी। करीब घंटों चले हंगामे के बाद प्रशासन के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया। फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पूरे घटनाक्रम ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।