शादी की खुशियों पर साइलेंट अटैक, मेंहदी समारोह में डांस करते मामा की हार्ट अटैक से मौत
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के वझरा गांव में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब मेंहदी की रस्म के दौरान स्टेज पर डांस कर रहे मामा की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। खुशियों से भरा माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, समीपस्थ ग्राम पिपलुद निवासी घनश्याम यादव अपने भांजे की शादी में शामिल होने वझरा गांव पहुंचे थे। मेंहदी की रस्म के दौरान परिवार और रिश्तेदार स्टेज पर नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान घनश्याम यादव अपनी पत्नी के साथ खुशी-खुशी डांस कर रहे थे।
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि माहौल पूरी तरह उत्सवमय था। अचानक डांस करते-करते घनश्याम यादव लड़खड़ाए और स्टेज पर गिर पड़े। पहले तो लोगों को लगा कि शायद चक्कर आ गया हो, लेकिन कुछ ही पलों में स्थिति गंभीर हो गई। परिजनों ने तुरंत संभालने की कोशिश की, लेकिन बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनका निधन हो गया। घटना के बाद शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बदल गया। जहां कुछ देर पहले शहनाई और ढोल की आवाज गूंज रही थी,
वहीं अचानक सन्नाटा और रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई देने लगीं। घनश्याम यादव का अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम में किया गया। इस घटना ने एक बार फिर अचानक पड़ने वाले हार्ट अटैक के खतरों को लेकर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी चर्चा तेज है। परिवार शोक में डूबा है और पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।