बिजली की केबल से उठी चिंगारी, गोदाम में भीषण आग, सामान जलकर राख
मध्य प्रदेश के देवास शहर से बड़ी खबर सामने आई है। एमआर-8 रोड स्थित बाबा रामदेव मंदिर के पीछे अलकापुरी क्षेत्र के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि गोदाम के ऊपर टीन की चादरें डाली गई थीं और उन्हीं चादरों के ऊपर से विद्युत विभाग की बड़ी केबल लाइन गुजर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, केबल वायर में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के चलते चिंगारी उठी, जिसने चादरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग गोदाम के अंदर तक फैल गई।
स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। गोदाम में पाइप सहित अन्य सामान रखा हुआ था। वहीं अंदर गैस सिलेंडर भी मौजूद बताए गए हैं, जिससे आग और भी खतरनाक रूप ले सकती थी। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली लाइनों के नीचे ज्वलनशील सामग्री न रखें और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।