विजयवर्गीय के औकात वाले बयान पर मचा सियासी संग्राम, पुलिस से भिड़ गए कांग्रेसी
संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष को लेकर दिए गए बयान के बाद अब सियासी संग्राम देखने को मिल रहा है। औकात वाली बात पर राजधानी भोपाल की सड़कों पर कांग्रेसियों का गुस्सा देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंकने की कोशिश की। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गयी। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झूमाझटकी भी हुई।
दरअसल कांग्रेस कार्यकर्ता अर्थी बनाकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे। जब पुतला दहन किया जा रहा तब पुलिस ने फायर एक्सटिंगिशर से आग बुझा दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दोबारा पुतले में आग लगाई। वहीं जब कांग्रेसी बैरिकेट तरफ बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जिसके बाद पुलिस से कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी हो गयी।
दरअसल सदन में औकात बताने वाली चिंगारी अब पूरे प्रदेश में आग बन चुकी है। इसी को लेकर भोपाल की सड़कों पर कांग्रेसियों ने पुतला दहन के दौरान जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के अपमान को आदिवासी अस्मिता से जोड़ते हुए कांग्रेस ने राजधानी समेत 1000 ब्लॉक में मोर्चा खोल दिया। जुबानी जंग अब पोस्टर और पुतलों के दहन तक पहुँच गई है।
गौरतलब है की गुरुवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा सिंगरौली में अडानी को कोल ब्लॉक आवंटन का मुद्दा उठाया था। जिसके कारण संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गिय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बिच तीखी बहस हो गई थी। इस दौरान विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष को औकात मे रहने की बात कही। जिससे सदन की गरिमा का उल्लंघन हुआ। और प्रदेश भर में प्रदर्शन किये जा रहे हैं।--------