वन विभाग कर्मियों को घेरा,पिटाई की,पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस
वन विभाग के वन रक्षक जब एक गांव में पेड़ काटे जाने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उन्हें घेरकर उन पर हमला कर दिया। वन कर्मियों के साथ बेरहमी से मारपीट की गयी। जिसके बाद थाने में शिकायत की थी। वहीं मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिसके बाद आरोपियों का पुलिस द्वारा सड़कों पर जुलूस निकाला गया। वहीं आरोपियों ने इस दौरान नारे भी लगाए की पेड़ काटना पाप है पुलिस उनकी बाप है। मारपीट किये जाने की घटना का वीडियो भी सामने आया था।
सड़क पर आरोपियों का जुलूस निकाले जाने का यह नज़ारा विदिशा जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां पुलिस ने छापर गांव में हुई इस घटना के आरोपियों का मुख्य बाज़ार से जुलूस निकाला। बताया गया की छापर गांव में आरोपियों ने टीम पर लाठी डंडों से हमला किया था।
शमशाबाद पुलिस मुख्य दो आरोपियों को मुख्य बाजार से लेकर निकली। पुलिस ने अपराध करना पाप है पुलिस हमारी बाप है, पेड़ काटना पाप है पुलिस हमारी बाप है जैसे नारे लगवाये। संभवतः यह पहली बार हुआ है कि पुलिस ने किसी अपराध में शामिल आरोपियों का नगर में जुलूस निकाला हो। मामले में थाना प्रभारी राजपाल जादोंन ने बताया की जैसे ही घटना की जानकारी लगी तो पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए 6 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने कहा कि अपराध पर लगाम लगाना हमारी प्रथमिकता में है।