सागर- ठगी का नया तरीका,बिना ऑर्डर किये थमा गया पार्सल,खोलकर देखा तो निकला कटा हुआ स्वेटर
ऑनलाइन फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अलग-अलग तरीकों से लोग ठगी कर रहे हैं। ताजा मामला सागर जिले के खुरई से भी सामने आया है। जहां एक डिलेवरी बॉय बिना किसी आर्डर के ही एक किसान के घर पहुंचा और वहां एक पार्सल महिला को देकर रूपये ले लिए। लेकिन जब पार्सल को खोलकर देखा तो हैरान रह गए। क्योंकि उसमें स्वेटर का कटा हुआ आधा हिस्सा निकला। इसके बाद डिलेवरी बॉय को खोजा गया जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले करते हुए शिकायत की गयी।
साइबर ठगी के नए-नए मामले रोजाना सामने आ रहे हैं। अब फ्रॉड करने वाले लोग बिना किसी ऑर्डर के घरों में पार्सल भेजकर लोगों से रुपए वसूलने का नया तरीका अपना रहे हैं। ऐसा ही खुरई शहरी थाना क्षेत्र के चर्च के पास सरयू नगर में रहने वाले नितिन पाठक के साथ हुआ। उन्होंने बताया कि वह नहा रहे थे उसी समय एक डिलीवरी बॉय घर पर आया और भाभी को एक पार्सल दिया। जिसने बोला कि यह आपका पार्सल है। जिस पर केवल बड़े भैया नीरज का नाम लिखा हुआ था। न तो उसमें सरनेम लिखा हुआ था और न ही जाति का उल्लेख था। भाभी ने डिलीवरी बॉय को पार्सल के सात सौ रुपए दे दिए।
उस समय महिला के पति खेत पर थे। इसके बाद भाभी ने घर के सभी सदस्यों से पूछा कि पार्सल किसने मंगवाया। लेकिन सभी ने मना कर दिया कि किसी ने भी कोई पार्सल नहीं मंगवाया। जब भैया नीरज पाठक से पूछा तो उन्होंने भी मना कर दिया। जब पार्सल खोला गया तो उसमें किसी बच्चे की उपयोग की हुई कटी हुई स्वेटर निकली। इसके बाद डिलीवरी बॉय की तलाश की गई तो वह कुछ ही दूरी पर मिल गया। जब उससे पूछताछ की गई तो वह कुछ भी बताने से बचता रहा। फिर उसे शहरी थाने लेकर पहुंचे। जहां थाने में आवेदन देकर आगे की कार्रवाई की गई।