सागर- भाजपा को जवाब देने कांग्रेस का झाड़ू लेकर प्रदर्शन, छावनी जैसा बना तीन बत्ती
सागर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की बात कही गयी। जिसके बाद कांग्रेस भी पूरी तरह से मुस्तैद नज़र आई। तीन बत्ती स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेसी एकजुट हुए। झंडे और झाड़ू लेकर मैदानी तौर से सामने आ गए। लेकिन मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस बल भी पूरी तरह से तैयार था। पुलिस ने बैरिकेटिंग कर दी थी। वहीं हर स्थिति से निपटने की भी पूरी तैयारी थी।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस नेत्रियों के हाथ में झाड़ू थी। सभी कार्यकर्ता कार्यालय के सामने बैठे हुए थे। इसके बाद जब आगे बढ़ने की कोशिश की थी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। दरअसल कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा को जवाब देने को तैयार नज़र आये। इस दौरान तीन बत्ती इलाका कुछ देर के लिए छावनी जैसा नज़र आया।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी भी महिलाओं के साथ हाथों में झाड़ू लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को जवाब देने के लिए मैदान में उतर पड़ीं। जानकारी के मुताबिक इस बीच भाजपा के कुछ कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंच गए। जिन्हें महिला नेत्रियों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान मौके पर कई थानों का पुलिस बल जमा था। पुलिस पूरी तैयारी में नज़र आई। जहां पुलिस ने कांग्रेसियों को आगे नहीं बढ़ने दिया। उन्हें बैरिकेट लगाकर रोक लिया गया। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर फायर ब्रिगेड टीम भी तैनात की गयी थी।--------