बेटी की विदाई कर लौट रहे परिवार पर पथराव,सामान भी लूटा, 3 लोग हुए घायल
बेटी की विदाई करने के बाद लौट रहे परिवार की बारातियों से भरी बस एक दुकान के सामने खड़ी करना महंगा साबित गया। मामूली सी बात पर बारातियों के साथ मारपीट कर दी गयी। आरोप है की लोगों को घेरकर ग्रामीणों ने बुरी तरह पीटा,पत्थरों से उन पर हमला किया गया। यही नहीं गहने लूटने जैसे भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना का शिकार परिवार उज्जैन जिले का रहने वाला है। जहां इंदौर के सांवेर थाना क्षेत्र में उनके साथ मारपीट हुई। उज्जैन का परिवार महू से वापिस लौट रहा था, तभी ग्रामीणों ने पथराव कर दिया जिससे तीन लोग गंभीर घायल हुए हैं। जिसके बाद घबराये हुए लोग वहां से भागे और सीधे थाने पहुंचकर शिकायत की।
बताया जा रहा है की उज्जैन का परिवार महू में बेटी की शादी करने के बाद बस से उज्जैन लौट रहा था। जहां इंदौर के सांवेर थाना क्षेत्र के खान बड़ोदिया गांव में अभद्रता और मारपीट की घटना सामने आई। विवाद बस खड़ी करने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ। जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बस को घेर लिया। जहां महिलाओं और बच्चों समेत बस में सवार अन्य लोगों को चोटें आई हैं। जिनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है उन्हें फ्रैक्चर हुआ है।
बताया गया की आगर रोड स्थित राजीव नगर निवासी पीड़ित परिवार महू से वापस उज्जैन आ रहा था। तभी रास्ते में बस चालक चाय पीने के लिए रुका और खुद गांव में अपने घर चला गया। इसी दौरान दुकान संचालक ने बस हटाने को लेकर विवाद करते हुए अपशब्दों का प्रयोग शुरू कर दिया। जब बस में सवार बारातियों ने इसका विरोध किया, तो दुकानदार ने ग्रामीणों को बुला लिया और बस पर हमला बोल दिया।
पीड़िता दीपमाला शर्मा ने उज्जैन पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गांव में करीब 50 से लोगों ने अचानक बस को निशाना बनाया। जैसे-तैसे जान बचाकर परिवार उज्जैन पहुंचा और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके गहने और कीमती सामान भी छीन लिए गए।
फ़िलहाल शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। घटना इंदौर के सांवेर थाना क्षेत्र में हुई है लिहाजा सम्बंधित थाने को सूचित किया गया है।