प्रेम, शादी और फिर धोखा? 3 गर्भपात के बाद मंदिर में शादी, एक महीने में प्रेमी फरार | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के बालाघाट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग, तीन बार गर्भपात और मंदिर में शादी के बाद अब युवती अपने ही कथित पति को तलाश रही है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है। लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम घोटी निवासी मीनाक्षी जांभुरे का आरोप है कि उसका ग्राम खजरी निवासी किशोर गुर्दे से वर्ष 2019 से प्रेम संबंध था। युवती का दावा है कि इस दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन युवक ने जबरन दवाइयां खिलाकर तीनों बार गर्भपात करा दिया। जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो 27 अक्टूबर 2025 को बालाघाट शहर के कालीपुतली चौक स्थित हनुमान मंदिर, कालीपुतली चौक में कथित रूप से विवाह किया गया। युवती के मुताबिक, शादी के फोटोग्राफ और पुरोहित का पत्र उसके पास सबूत के तौर पर मौजूद हैं।
मीनाक्षी का कहना है कि विवाह के बाद किशोर उसे बालाघाट में किराए के कमरे में लगभग एक महीने तक रखता रहा और दस्तावेज तैयार होने के बाद घर ले जाने का भरोसा देता रहा। लेकिन जब युवती ने ससुराल चलने की जिद की, तो युवक उसे दो दिन बस स्टैंड पर रखने के बाद अचानक गायब हो गया।
युवती का आरोप है कि जब वह ग्राम खजरी स्थित ससुराल पहुंची, तो किशोर की मां और भाई ने उसका सामान बाहर फेंक दिया और मारपीट कर भगा दिया। उसने थाना लांजी में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। यहां तक कि उसने पुलिस पर भी ससुराल पक्ष से पैसे लेकर मामला दबाने का गंभीर आरोप लगाया है। अब मीनाक्षी जांभुरे ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सवाल यह है कि क्या युवती को न्याय मिलेगा या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?