सागर- उम्मीद की किरण बन रही जनसुनवाई, सैंकड़ों लोगों ने बताई अपनी समस्याएं | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में अलग-अलग जगहों पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनती दिखाई दे रही है। जहां लोगों को सागर नहीं आना पड़ता साथ ही उनकी समस्याओं का काफी हद तक हल मौके पर ही कर दिया जाता है। या सम्बंधित विभाग को सूचित किया जाता है। इसी तरह देवरी में भी ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया था। जहां 319 लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखी। दरअसल सागर कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देश पर देवरी ब्लॉक अंतर्गत तहसील कार्यालय परिसर में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जिसमें देवरी समेत आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई में कलेक्टर को पहुंचना था लेकिन उनकी गैर मौजूदगी में सागर से संयुक्त कलेक्टर अविनाश रावत ने जनसुनवाई की कमान संभाली। उनके साथ एसडीएम मुनव्वर खान, तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया समेत राजस्व, नगर पालिका, पंचायत, विद्युत, खाद्य और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 319 आवेदन आये। जिनमें सबसे ज्यादा शिकायतें प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व सीमांकन, खाद्य विभाग की समस्याओं और नौरादेही अभ्यारण्य विस्थापन से जुड़े मामलों की रहीं। संयुक्त कलेक्टर अविनाश रावत ने सभी आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने संयुक्त कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण के सर्वे कराए जाने की मांग रखी। वहीं, संयुक्त कलेक्टर अविनाश रावत को देवरी अधिवक्ता संघ ने ज्ञापन सौंपा। जिसमें लोक सेवा केंद्र और उप-कोषालय में व्याप्त अनियमितताओं, राजस्व प्रकरणों में देरी साथ ही लोक सेवा केंद्र में अवैध वसूली की शिकायत करते हुए जांच के अलावा सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की गई।
संयुक्त कलेक्टर अविनाश रावत ने बताया की जनसुनवाई में 319 आवेदन मिले है। ज्यादातर समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। बाकि बचे प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों के लिए समय-सीमा तय की गई है निर्धारित समय में उनका समाधान किया जाएगा।