ओलावृष्टि का अलर्ट, फरवरी में चौथी बार बरसे बादल, 10 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। फरवरी महीने में चौथी बार बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा, सिवनी और दक्षिण-पूर्वी बैतूल में मध्यम गरज के साथ आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी हिस्से में सक्रिय लो प्रेशर एरिया और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में दो ट्रफ सिस्टम के प्रभाव से प्रदेशभर में मौसम अस्थिर बना हुआ है। इसके अलावा रतलाम, उज्जैन, बालाघाट, मंडला, खंडवा, सीहोर, रायसेन, इंदौर, अनूपपुर और डिंडौरी में हल्की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, जबलपुर, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश दर्ज की गई। शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, मैहर, सीधी और सिंगरौली में ओले भी गिरे। पांढुर्णा में मंगलवार दोपहर करीब 2:15 बजे अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश हुई। लोगों को छाते निकालने पड़े। किसान भास्कर कोरड़े के अनुसार इस बारिश से गेहूं, चना और संतरे की फसल को फायदा मिला है।
सोमवार को दिन में धूप खिली रही, लेकिन शाम होते-होते कई जिलों में मौसम बदल गया। जबलपुर में धूल भरी आंधी चली और बूंदाबांदी हुई। रीवा और सीधी में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। फिलहाल प्रदेश में मौसम का यह मिजाज अगले कुछ घंटों तक जारी रहने की संभावना है।