सागर के पटवारी पति पर दहेज, धोखा और दूसरी शादी का आरोप, 6 महीने बंधक रखने का दावा | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के दमोह जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पटवारी पति पर दहेज के लिए प्रताड़ना, बंधक बनाकर रखने और दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। हटा थाना क्षेत्र के गौरी शंकर वार्ड निवासी पीड़िता सोमवार दोपहर थाने पहुंची और एसडीओपी प्रिया सिंधी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। महिला के अनुसार, उसकी शादी 4 जुलाई 2025 को देशराज अहिरवार से कनारी गांव के मंदिर में हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल पहुंची तो पति और परिवार वालों ने 5 लाख रुपये नगद और कार की मांग शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि मायके की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण यह मांग पूरी नहीं की जा सकी।
महिला ने बताया की सानोदा गांव का सुरेंद्र अहिरवार मेरे घर रिश्ता लेकर आया था। मेरी शादी 4 जुलाई 2025 को देशराज पिता मुन्ना लाल अहिरवार उम्र 37 वर्ष हाल निवासी मकरोनिया जिला सागर के साथ कनारी गांव में मंदिर से हुई थी। लड़के के परिवार के लोग रिश्ता लेकर आये थे। पति कर्रापुर सिमरिया जिला सागर में पटवारी के पद पर पदस्थ हैं। आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसे छह महीने तक घर में कैद रखा गया। इस दौरान उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मौका मिलते ही उसने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। महिला का यह भी दावा है कि पति पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने यह बात छुपाकर दूसरी शादी की। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो पति ने कथित तौर पर धमकी दी कि वह सरकारी पद पर है और कुछ भी कर सकता है।
पीड़िता ने बताया कि शादी के समय उसके परिवार ने एक लाख रुपये नगद दिए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें बढ़ती गईं। एसडीओपी प्रिया सिंधी ने कहा कि महिला द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह है कि क्या आरोपों में सच्चाई है? जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी। फिलहाल पीड़िता न्याय की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रही है।